कभी-कभी ज़िंदगी की सबसे अच्छी कहानियाँ वहीं मिलती हैं, जहां हम उन्हें ढूंढ भी नहीं रहे होते – जैसे एक भीड़भाड़ भरी बस में।
वक़्त बदल जाता है, मगर कुछ अनुभव फिर भी वैसे ही सहेजे रहते हैं — जैसे सालों बाद बस में बैठने का सुखद अहसास।
हमेशा मंज़िल की जल्दी रहती है, मगर इस बार सफर खुद एक कहानी बन गया।
आज बहुत वर्षों बाद मैंने बस में सफर किया। यकीन मानिए, यह अनुभव बाइक की तुलना में सौ गुना अधिक मज़ेदार लगा। अंबाला में ऑफिस का आज दूसरा दिन था, और छुट्टी मिलते ही गांव के लिए निकल पड़ा। वैसे तो ऑफिस से छुट्टी 6 बजे होती है, लेकिन काम कम था तो थोड़ा पहले ही निकल गया।
अभी थोड़ी देर पहले ही बारिश हुई थी। हालांकि बारिश ने गर्मी को कम नहीं किया, बल्कि उमस और बढ़ा दी थी। मानव चौक पर लगभग 10 मिनट तक खड़ा रहा, लेकिन कोई उपयुक्त बस नहीं मिली। दो सरकारी बसें आईं, मगर वे मेरी दिशा की नहीं थीं। तभी एक प्राइवेट बस आई, जिसमें बैठने की जगह तो क्या, खड़े होने की भी मुश्किल से मिल रही थी। फिर भी, भीड़ को चीरते हुए मैं किसी तरह बस में चढ़ गया।
मेरे पास वाली सीट पर एक महिला अपने छोटे बेटे के साथ बैठी थी। उन्हें ठोल तक जाना था। वह अपने पुराने बटन वाले मोबाइल से बार-बार घर फोन मिलाने की कोशिश कर रही थीं। आखिरकार जब कॉल मिला, तो उन्होंने इतनी तेज़ आवाज़ में बताया कि वे 20 मिनट में ठोल पहुंच जाएंगी कि बस में बैठे सभी लोग उनकी ओर देखने लगे। फिर धीरे-धीरे वह सकुचाकर धीमे बोलने लगीं। उनका बेटा फोन छीनकर खुद बात करने लगा। उनकी भाषा से लग रहा था कि वे बिहार से हैं।
महिला ने अपने बेटे के लिए लेज़ का एक पैकेट खरीदा था। खुद दो-चार चिप्स निकालकर बाकी बेटे को देने लगीं, लेकिन बच्चा गुस्से से मुंह फेर कर बैठ गया – शायद उसे यह बुरा लगा कि मां ने पहले से उसमें से खा लिया। मां ने बड़े प्यार से उसे मनाया, तब जाकर वह मना करते-करते चिप्स खाने को तैयार हुआ।
मैं उनकी सीट के पीछे खड़ा यह सब देख रहा था और मन ही मन मुस्कुरा रहा था। उस बच्चे में मुझे अपना ही बचपन नज़र आ रहा था।
बस धीरे-धीरे अपने रास्ते पर बढ़ती जा रही थी। बाहर हरियाली और बारिश के बाद धुली हुई सड़कों का दृश्य बहुत मनभावन लग रहा था। कंडक्टर हर स्टॉप पर आवाज़ें लगाकर सवारियों को उनके अड्डे पर उतार रहा था। ठोल आते-आते बस का आधा हिस्सा खाली हो गया था। करीब 40 मिनट के सफर के बाद मेरी मंज़िल भी आ गई। मैं बस से उतर गया और उसे आगे की ओर जाते हुए देखता रहा।
काफी समय बाद किया गया यह बस यात्रा का अनुभव मेरे मन को भीतर तक भा गया – कुछ साधारण पर बहुत ही खास।
उस दिन की वो भीड़भाड़ भरी बस, उस महिला की मासूम बातें, और वो रूठा हुआ बच्चा — सब मिलकर मेरी यादों का हिस्सा बन गए।
कभी-कभी हम मंज़िल तक पहुँच जाते हैं, लेकिन कुछ सफर हमारे दिल में बस जाते हैं।
वो साधारण-सा सफर, कुछ अनजाने चेहरे और दिल को छू लेने वाले लम्हे — यही ज़िंदगी की असली खूबसूरती है।
क्या आपने भी कभी बस में ऐसा कोई खास अनुभव जिया है? नीचे कमेंट में जरूर बताएं।
छोटे-छोटे सफर, बड़ी-बड़ी यादें… अगर यह कहानी आपके चेहरे पर मुस्कान लायी हो, तो शेयर करना न भूलें।
अगर आपको भी मेरी तरह बस का सफर पसंद है, तो इस पोस्ट को दिल से ❤️ लाइक करें और अपने दोस्तों के साथ शेयर करें।


No comments:
Post a Comment